
जामुड़िया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जामुड़िया विधानसभा सीट से एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस द्वारा हरेराम सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ता अभी से पूरे जोश के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जामुड़िया के अखलपुर मोड़ के निकट तृणमूल कांग्रेस का एक अस्थायी निर्वाचन कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक हरेराम सिंह ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक एक अध्यक्ष सह एमआईसी सुब्रतो अधिकारी उर्फ राणा,तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक दो अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा, राखी कर्मकार पुतुल बनर्जी शेख दिलदार, साधन राय, दिनेश चक्रवर्ती, प्रेमपाल सिंह,भोला पासवान,सुवर्णा चट्टाराज, राजू मुख़र्जी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। इस कार्यक्रम के दौरान जामुड़िया के वर्तमान राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया जब क्षेत्र लगभग 100 से ज्यादा की संख्या में अन्य विपक्षी दलों के समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। विधायक हरेराम सिंह ने उन्हें पार्टी का झंडा देकर विधिवत रूप से शामिल कराया। इस अवसर पर हरेराम सिंह ने कहा कि जामुड़िया में अस्थायी निर्वाचन कार्यालय का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे चुनावी गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से करीब 100 से ज्यादा लोगों ने तृणमूल कांग्रेस का झंडा थामा है, जो पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।उन्होंने आगे कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए राज्य के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और महासचिव अभिषेक बनर्जी के आभारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बीच किसी भी तरह का मतभेद नहीं है और सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। हरेराम सिंह ने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस 30 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेगी। वहीं, इस कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और सभी ने आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
