
रानीगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस द्वारा कालो बरन मंडल को उम्मीदवार घोषित किए जाने के साथ ही पूरे इलाके में खुशी और उत्सव का माहौल बन गया। उम्मीदवार के नाम की घोषणा होते ही रानीगंज स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। कार्यालय परिसर में ढाक-ढोल की थाप गूंज उठी और ‘जय बंगला’ सहित विभिन्न नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने उम्मीदवार का गर्मजोशी से स्वागत किया। माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया, जहां हर ओर हर्ष और उल्लास का दृश्य देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया तथा एक-दूसरे को हरे रंग का अबीर लगाकर बधाइयां दीं। कई समर्थक तो इतने उत्साहित नजर आए कि उन्होंने अभी से ही जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। इससे साफ झलकता है कि कालो बरन मंडल की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह और विश्वास है।इस मौके पर कालो बरन मंडल ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी के आशीर्वाद से चुनाव लड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे तथा ‘एक सौ में सौ’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए रानीगंज सीट को जीतकर पार्टी नेतृत्व को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिनमें बापी चक्रवर्ती, साधन सिंह, आफताब जलाल, मोजम्मिल शाहजादा, ज्योति सिंह और नेहा साव सहित अन्य शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। वही कालो बरन मंडल की उम्मीदवारी की घोषणा ने रानीगंज में राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया है।
