अवैध कॉल सेंटर मामले में ईडी का पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर छापा

 

कोलकाता, 16 मार्च । पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर अवैध कॉल सेंटर से जुड़े मामले में बड़ा अभियान शुरू किया है। जांच एजेंसी की टीम सोमवार सुबह से राज्य के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमें सिलिगुड़ी, हावड़ा, बिधाननगर और दुर्गापुर सहित कुल 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। यह कार्रवाई अवैध कॉल सेंटर नेटवर्क से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
जिन लोगों के ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है उनमें सुरश्री कर, सम्राट घोष, शुभजीत चक्रवर्ती समेत अन्य लोग शामिल हैं। शिलिगुड़ी के हाकिमपाड़ा इलाके में स्वपन घोष के घर पर भी ईडी अधिकारियों ने छापा मारा है। बताया गया है कि स्वपन घोष पेशे से सोना व्यवसायी हैं और बिधान बाजार में उनका एक शोरूम भी है।
ईडी सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इससे अवैध कॉल सेंटर नेटवर्क के आर्थिक लेनदेन और संचालन से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
फिलहाल, ईडी की कार्रवाई जारी है और इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *