
आसनसोल। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को संपन्न कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सभी दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। घोषित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में राज्य के 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत गजट नोटिफिकेशन जारी होने के साथ होगी। पहले चरण के लिए गजट नोटिफिकेशन 30 मार्च 2026 को जारी किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 2 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी होगी।पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी और उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल रखी गई है। वहीं दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 9 अप्रैल, नामांकन पत्रों की जांच 10 अप्रैल और नाम वापसी की अंतिम तिथि 13 अप्रैल तय की गई है। दोनों चरणों में पड़े वोटों की मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 6 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। इधर पश्चिम बर्दवान जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के तहत 23 अप्रैल को मतदान होगा। इन सीटों में पांडेश्वर, दुर्गापुर पूर्व, दुर्गापुर पश्चिम, रानीगंज, जामुड़िया, आसनसोल दक्षिण, आसनसोल उत्तर, कुल्टी और बाराबनी विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव की तारीख घोषित होते ही इन क्षेत्रों में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दलों ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
