यश राज फिल्म्स की ‘अल्फा’ 10 जुलाई को होगी रिलीज

 

यश राज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन एंटरटेनर ‘अल्फा’ की थिएट्रिकल रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आलिया भट्ट अभिनीत यह फिल्म इस साल 10 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही यश राज फिल्म्स, आलिया भट्ट और शर्वरी ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक नया टीजर पोस्टर भी शेयर किया है। इस पोस्टर में आलिया भट्ट एक बिल्कुल अलग और बेहद दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे और शरीर पर चोटों तथा कट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जो किसी खतरनाक और खूनखराबे वाली भिड़ंत के बाद की स्थिति का संकेत देते हैं। पोस्टर ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ा दी है।
फिल्म ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट के साथ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की उभरती अभिनेत्री शर्वरी अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है, जिसमें अनिल कपूर और बॉबी देओल भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी में आलिया और शर्वरी का आमना-सामना बॉबी देओल से होगा, जहां दोनों अभिनेत्रियां एक तीव्र और क्रूर टकराव में नजर आएंगी।
यह फिल्म कई मायनों में खास मानी जा रही है। ‘अल्फा’ आलिया भट्ट की यश राज फिल्म्स के साथ पहली फिल्म है। साथ ही इसे भारत की पहली महिला-प्रधान पूर्ण एक्शन फिल्मों में से एक बताया जा रहा है, जिसमें आलिया और शर्वरी ऐसे एक्शन सीक्वेंस करती नजर आएंगी, जैसा बड़े पर्दे पर अभिनेत्रियों के साथ पहले कम ही देखने को मिला है।
फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जिन्होंने इससे पहले यश राज फिल्म्स की चर्चित वेब सीरीज द रेलवे मेन का निर्देशन किया था। इस फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। एक्शन, स्टारकास्ट और बड़े बैनर के साथ ‘अल्फा’ को साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है। दर्शकों को अब इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *