
आसनसोल। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ भाजपा ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से कुल 9 ‘परिवर्तन यात्राओं’ की शुरुआत की है। इन यात्राओं के माध्यम से पार्टी आम लोगों तक अपनी नीतियों और संदेश को पहुंचाने के साथ ही राज्य में बदलाव का आह्वान कर रही है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा से सटे आसनसोल के माईथन क्षेत्र से भी एक परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा के शुभारंभ से पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आसनसोल के माईथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए। इसके बाद विधिवत रूप से परिवर्तन यात्रा को रवाना किया गया। माईथन से शुरू हुई यह परिवर्तन यात्रा राज्य के पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम सहित चार जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सभाएं, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ता बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेगी। भाजपा नेताओं के अनुसार यह यात्रा माईथन से शुरू होकर पश्चिम बर्धमान जिला के गोरंडी, दोमोहानी, जामुड़िया, पांडवेश्वर, लाउदोहा, उखड़ा, अंडाल, रानीगंज, आसनसोल, कुल्टी और डिसेरगढ़ होते हुए आगे पुरुलिया जिला की ओर बढ़ेगी। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर जनता से सीधे संवाद कर राज्य में विकास और बदलाव के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस परिवर्तन यात्रा के शुभारंभ के मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष सरकार तथा पश्चिम बर्धमान जिला भाजपा अध्यक्ष देबतनो भट्टाचार्य सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताओं ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य राज्य के लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और पश्चिम बंगाल में एक मजबूत व विकासोन्मुख सरकार बनाने का संकल्प लेना है। इसी क्रम में रानीगंज में एक विशाल जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। इस सभा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा भाजपा के कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें संटू पान, कृष्णेंदु मुखर्जी, जितेंद्र तिवारी, अग्निमित्रा पाल, डॉ. अजय पोद्दार और कृष्णा प्रसाद सहित अनेक भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं के उपस्थित रहने की संभावना है। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि इन सभाओं और परिवर्तन यात्राओं के माध्यम से पार्टी राज्यभर में जनसंपर्क अभियान को मजबूत करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प जनता के साथ साझा करेगी।
