
आसनसोल, 03 मार्च । दोल पूर्णिमा और होली के पावन अवसर पर आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने बर्नपुर के त्रिवेणी मोड मैदान में भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया। मंगलवार को हुए इस कार्यक्रम में विधायक के पिता अशोक राय और माता भी उपस्थित रहीं। आसनसोल दक्षिण मंडल एक व दो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

होली के गीतों पर विधायक अग्निमित्रा पाल ने जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा मैदान रंगों और उमंग से सराबोर हो गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर त्योहार की धूम मनाई। समारोह में पारंपरिक होली नृत्य, ढोल-नगाड़ों की थाप और रंग-बिरंगे अबीर की वर्षा ने माहौल को और भी उत्सवी बना दिया।
विधायक ने कहा, “होली शांति, समृद्धि और भाईचारे का प्रतीक है। इस पावन पर्व पर सभी की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना करती हूं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो आसनसोल की सांस्कृतिक एकता को दर्शाता है। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने वाला कदम बताया।
