
मालदह, 02 मार्च । अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में बांग्लादेश की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को गुवाहाटी–बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन से रेल पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने पुष्टि की कि तीनों महिलाएं बांग्लादेश की नागरिक हैं और उनके पास भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस और रेल सूत्रों के अनुसार, मयमनसिंह जिले की रहने वाली इन तीनों महिलाओं ने एक दलाल की मदद से बिना वैध कागजात के असम–बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद दलाल के माध्यम से कर्नाटक जाने की व्यवस्था की गई। सोमवार को वे एनजेपी (न्यू जलपाईगुड़ी) से गुवाहाटी–बेंगलुरु एक्सप्रेस में सवार हुई थीं।

मालदा स्टेशन पर रेल पुलिस द्वारा विभिन्न डिब्बों में नियमित तलाशी और निगरानी की जा रही थी। तीनों महिलाएं जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि वे बांग्लादेश की नागरिक हैं और बिना वैध दस्तावेज के भारत में दाखिल हुई हैं। उन्होंने बताया कि वे सिलेट सीमा पार कर भारत में आई थीं और रोजगार की तलाश में बेंगलुरु जा रही थीं।
रेल पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किन दलालों की मदद से उन्होंने अवैध रूप से सीमा पार की और भारत में प्रवेश किया।
