
कोलकाता, 28 फरवरी । कोलकाता पुलिस ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दो नई पहल शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को एक्स पर इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इन कदमों से शहर में महिलाओं के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत होगी।
पहली पहल के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर ‘पिंक बूथ’ स्थापित किए जा रहे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किया जाएगा। ये बूथ प्रतिदिन शाम से मध्यरात्रि तक सक्रिय रहेंगे। यहां महिलाएं किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर सीधे महिला अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगी।
दूसरी पहल के रूप में ‘शाइनिंग’ नाम से सभी महिला मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती की जा रही है। ये टीमें प्रतिदिन रात आठ बजे से तड़के दो बजे तक ईएम बाइपास और अन्य प्रमुख सड़कों पर गश्त करेंगी। खासकर उन मार्गों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता पिछले कई वर्षों से देश के सुरक्षित शहरों में अग्रणी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई पहलों से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी तथा शहर में सुरक्षित माहौल को और बढ़ावा मिलेगा।
