हावड़ा हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार बरामद, आरोपित के घर की पानी टंकी से मिली दो बंदूकें

कोलकाता, 28 फरवरी । हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी मोहम्मद शफीक खान की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस रिमांड पर लिए गए एक आरोपित से पूछताछ के बाद हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नरेट सूत्रों के अनुसार, बउबाजार थाना क्षेत्र के निवासी मोहम्मद वकिल उर्फ मुन्ना के घर की पानी की टंकी से दो आग्नेयास्त्र और दो मैगजीन बरामद किए गए हैं। बरामदगी शुक्रवार देर रात विशेष अभियान के दौरान की गई।

हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शनिवार सुबह एक बयान में बताया गया है कि आरोपित वकिल ने पूछताछ में खुलासा किया कि मुख्य आरोपित हारून खान और रफाकत ने 25 फरवरी की सुबह हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद ये हथियार उसके पास जमा कराए थे। इसके बाद हथियारों को छिपाने के उद्देश्य से पानी की टंकी में रख दिया गया था।

इससे पहले गोलाबाड़ी थाना पुलिस ने मोहम्मद बिलाल उर्फ रिंकू, मोहम्मद वकिल उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इन लोगों ने फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपितों को फरार होने में मदद की थी। हत्या के बाद मुख्य आरोपित जोरासांको इलाके में बिलाल के ठिकाने पर छिपे थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों और मुख्य आरोपितों के बीच लगातार संपर्क के प्रमाण मिले हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि इन्हीं का इस्तेमाल हत्या में किया गया था।

मुख्य आरोपित हारून खान और रफाकत की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *