श्याम परिवार द्वारा भव्य 301 निशान शोभा यात्रा, एकादशी पर शिल्पांचल श्याममय

बराकर। रंग-रंगीले फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्री श्याम परिवार (बराकर) की ओर से बाबा श्याम की भव्य निशान शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में शिल्पांचल क्षेत्र पूरी तरह श्याममय नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत बराकर स्टेशन परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विद्वान पंडितों द्वारा बाबा श्याम के निशानों की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात अलौकिक श्रृंगार से सुसज्जित रथ में विराजमान बाबा श्याम की भव्य झांकी के साथ शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ।
शोभा यात्रा के दौरान भक्तगण मधुर भजनों, धमाल चंग की धुनों और जयकारों के बीच झूमते-नाचते आगे बढ़ते रहे। अबीर-गुलाल और फूलों की होली ने पूरे मार्ग को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया। यात्रा बराकर स्टेशन रोड एवं कुल्टी मार्ग से होते हुए नियामतपुर स्थित श्री श्याम एवं दादी मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को 301 निशान अर्पित किए।


इस भव्य आयोजन में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रास्ते में निशान यात्रियों के स्वागत हेतु निरंजन शर्मा के निवास पर फल, जूस, लस्सी, चाय एवं पानी की विशेष व्यवस्था की गई थी।
एकादशी के अवसर पर नियामतपुर, आसनसोल, रानीगंज और दुर्गापुर सहित शिल्पांचल के सभी श्याम मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। बाबा श्याम का फूलों से भव्य श्रृंगार कर 56 भोग अर्पित किया गया। एकादशी पूर्व संध्या पर स्थानीय भजन मंडलियों एवं बाहर से आए भजन गायकों द्वारा भजनों की अमृत वर्षा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर श्री श्याम परिवार के सदस्य शंकर नियोगी, अजय राजगढ़िया, सुभाष शर्मा, कालू चौधरी, कमल शर्मा उर्फ लाली, पप्पू सरैया,पप्पू शर्मा एवं सौरभ चौधरी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *