ईसीएल के सातग्राम इनक्लाइन में 24 श्रमिकों के तबादले पर बवाल, प्रबंधन कार्यालय का घंटों घेराव

जामुड़िया। ईसीएल के श्रीपुर सातग्राम एरिया अंतर्गत सातग्राम इनक्लाइन में 24 श्रमिकों के अचानक किए गए तबादले को लेकर आज श्रमिकों का आक्रोश फूट पड़ा। तबादलों के विरोध में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सातग्राम इनक्लाइन प्रबंधन कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और घंटों तक घेराव कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में विभिन्न ट्रेड यूनियन संगठनों के प्रतिनिधि और श्रमिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। आंदोलनकारियों ने एकजुट होकर प्रबंधन के फैसले को तानाशाही करार दिया और तत्काल तबादला आदेश रद्द करने की मांग की। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तारकेश्वर सिंह ने कहा कि कोलियरी प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना और बातचीत के 24 श्रमिकों का अन्य स्थानों पर तबादला कर दिया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन का रवैया एकतरफा और तानाशाहीपूर्ण है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन में कोयला खदान श्रमिक कांग्रेस समेत अन्य सभी श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं। विरोध स्वरूप एक भी श्रमिक ने अपनी हाजिरी दर्ज नहीं कराई, जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ। वही श्रमिक नेता तारकेश्वर सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सभी तबादला आदेश वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रबंधन अपनी जिद पर अड़ा रहा तो आने वाले दिनों में जनरल मैनेजर कार्यालय का भी घेराव किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित बताई जा रही है। श्रमिक संगठनों का कहना है कि वे अपने साथियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे और आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *