आसनसोल में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में पुतला दहन

आसनसोल। हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सम्मेलन के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने और इसके बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को आसनसोल में व्यापक प्रदर्शन किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली में आयोजित एआई सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से एक विदेशी उत्पाद को ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर प्रस्तुत किए जाने का विरोध किया। विरोध दर्ज कराने के लिए कुछ कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही विभिन्न राज्यों में संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। इसी क्रम में पश्चिम बर्धमान जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में आसनसोल के बीएनआर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रकट किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश के गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। मौके पर मौजूद पश्चिम बर्धमान जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सौविक मुखर्जी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के मंच से चीन के एक उत्पाद को ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर प्रस्तुत किया जा रहा था, जिसका युवा कांग्रेस ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया। उनका आरोप है कि इसी विरोध के कारण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया। सौविक मुखर्जी ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को तत्काल रिहा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र रिहाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस आने वाले समय में और बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। युवा कांग्रेस के नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक ढंग से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *