
रानीगंज के बल्लभपुर फांड़ी क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे बदमाशों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तीन आरोपी नदी के रास्ते फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने दो दुष्कृतियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रानीगंज के बल्लभपुर इलाके में दामोदर नदी के सीमावर्ती क्षेत्र में कुछ बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे। इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही बल्लभपुर फांड़ी के प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने देर रात इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे का लाभ उठाकर तीन आरोपी दामोदर नदी के चर (रेतीले भाग) के रास्ते फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके से दो दुष्कृतियों को धर दबोचा। उनके पास से लोहे की रॉड, लाठी और रस्सी बरामद की गई है।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि यह गिरोह सड़क पर लूटपाट या छिनतई जैसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। लेकिन समय रहते सूचना मिल जाने और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में बड़ी वारदात टल गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बल्लभपुर रघुनाथचक निवासी 25 वर्षीय बादशाह शेख और 20 वर्षीय जाहिद शेख के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले भी चोरी और छिनतई के कई आरोप दर्ज हैं।
शनिवार को रानीगंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस हिरासत में लेने की अपील भी की है।
