
कोलकाता, 20 फ़रवरी ।पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान पूर्णम कुमार साव को बीएसएफ में पुनः बहाल कर दिया गया है। उन्होंने इस फैसले पर गहरी खुशी व्यक्त की।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि 23 अप्रैल को पाकिस्तानी सेना द्वारा जवान पूर्णम कुमार साव को हिरासत में लिया गया था। बाद में भारतीय सेना और केंद्र सरकार के प्रयासों से उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो सकी। सेना के नियमों और प्रक्रियाओं के तहत उन्हें तत्काल ड्यूटी पर बहाल नहीं किया गया था, लेकिन उनकी अपील पर विस्तृत विचार-विमर्श और उनके लंबे सेवा रिकॉर्ड के मूल्यांकन के बाद उन्हें उनके पुराने पद पर पुनर्बहाल करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि पूर्णम कुमार साव को तुरंत बीएसएफ की 24वीं बटालियन में दोबारा योगदान देने की अनुमति दे दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने इस पूरे मामले में समय पर हस्तक्षेप करने के लिए देश के गृह मंत्री अमित शाह के प्रति पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से आभार और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमा की रक्षा करने वाले जवानों के साहस और बलिदान को सम्मान देने से सुरक्षा बलों का मनोबल और अधिक मजबूत होता है।
पोस्ट के अंत में शुभेंदु अधिकारी ने देशभक्ति का संदेश देते हुए लिखा— “जय हिंद”
