ईसीएल के न्यू केंदा ओसीपी में संयुक्त छापेमारी, 37 टन चोरी का कोयला जब्त, सीआईएसएफ व ईसीएल की कार्रवाई से मचा हड़कंप

जामुड़िया। जामुड़िया थाना के केंदा फाड़ी अंतर्गत न्यू केंदा ओसीपी कुवारी नंबर 3 में बुधवार को अवैध कोयला चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। यह संयुक्त छापेमारी अभियान सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फाॅर्स (सीआईएसएफ) तथा ईस्टर्न कोल्फील्डिंस लिमिटेड (ईसीएल) के केंदा एरिया सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा संचालित किया गया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से कोयला चोरी में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से निकाला गया कोयला बरामद किया गया।

ईसीएल केंदा एरिया के सुरक्षा प्रभारी अशोक दास ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान कुल 37 टन चोरी किया गया कोयला जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से न्यू केंदा ओसीपी क्षेत्र से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर रणनीति तैयार कर संयुक्त टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।

अशोक दास ने यह भी बताया कि जब्त किए गए कोयले को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद ईसीएल के बहुला साइडिंग में सुरक्षित जमा कर दिया गया है। आगे की जांच प्रक्रिया जारी है तथा चोरी में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में समय-समय पर कोयला चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। संयुक्त छापेमारी अभियान को अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों ने संकेत दिया है कि आगे भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ईसीएल के ओसीपी क्षेत्रों में कोयला चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *