नंदीग्राम में ‘सेवाश्रय’ के बाद भी जारी चिकित्सा सेवा, 14 का नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन

पूर्व मेदिनीपुर, 16 फरवरी । जिले के नंदीग्राम–एक और नंदीग्राम–दो ब्लॉक में आयोजित ‘सेवाश्रय’ स्वास्थ्य शिविर औपचारिक रूप से समाप्त होने के बाद भी चिकित्सा सेवाएं जारी हैं। शिविर से रेफर किए गए 14 मरीजों का नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया गया है। यह पहल तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी प्रयास से संपन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि 15 से 30 जनवरी तक दोनों ब्लॉकों में मॉडल स्वास्थ्य शिविर लगाए गए थे। शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्गों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से कई को विशेष उपचार और मोतियाबिंद सर्जरी की सलाह दी गई थी। रेफर किए गए 14 मरीजों का एक निजी नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया।
नंदीग्राम–2 की आरती बेरा की जांच के दौरान आंखों में गंभीर समस्या पाई गई थी। उन्हें उन्नत उपचार के लिए रेफर किया गया, जहां उनकी सफल लेजर सर्जरी कराई गई।
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नंदीग्राम की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे निभाना उनका दायित्व है। उन्होंने बताया कि ‘सेवाश्रय’ शिविर के माध्यम से सामान्य जांच से लेकर विशेषज्ञ उपचार और फॉलो-अप चिकित्सा की व्यवस्था की गई थी।
उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक इलाके में इसी मॉडल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *