आसनसोल। आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हटन रोड मोड़ को बंद कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सड़क अक्सर भीषण जाम की वजह से चर्चा में रहती है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कांग्रेस नेता शाह आलम और प्रसनजीत पाईटुंडी ने आरोप लगाया कि बार-बार प्रशासन को जाम की समस्या से अवगत कराया गया, फिर भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, जिन्हें घंटों ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ता है। नेताओं ने कहा कि इसी लापरवाही के विरोध में आज हटन रोड को बंद कर प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि सड़क को जल्द से जल्द जाम मुक्त बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। फिलहाल मौके पर प्रदर्शन जारी है और कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
