
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम द्वारा जीटी रोड पर सेंट जोसेफ स्कूल के ठीक सामने पार्क निर्माण के लिए ठेका दिया गया है। पार्क का काम जारी है और उसे तैयार किया जा रहा है। इसी परिसर में ‘आसनसोल नर्सरी’ नाम से दुकान चलने का आरोप लगाया था श्रमिक संगठन परिवहन तृणमूल के नेता राजू अहलूवालिया ने। इस आरोप के बाद से ही विवाद बढ़ गया। कुछ दिन पहले इस मामले को लेकर एमआईएम नेता दानिश अजीज ने भी कड़ी आलोचना की थी। अब इस घटना ने राजनीतिक रूप ले लिया है। पलटवार करते हुए राजू अहलूवालिया ने दानिश अजीज को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है, वह उनके विषय में क्या बोलेगी। उनका कहना था कि वे लोग आम जनता के हित में काम करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।वहीं पश्चिम बर्दवान जिला एमआईएम सचिव एजाज अहमद ने भी राजू अहलूवालिया के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पहले दिन से हटाई गई दुकानों के लिए आवाज उठाने वाला पहला व्यक्ति एमआईएम का ही था। पूरे घटनाक्रम को लेकर यह भी चर्चा है कि नगर निगम द्वारा दिए गए ठेके के काम में बाधा डालने का आरोप अब तृणमूल नेताओं पर ही लग रहा है। जबकि राज्य में तृणमूल की सरकार है और नगर निगम बोर्ड भी उसी पार्टी का है। ऐसे में माना जा रहा है कि अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। चर्चा है कि इस विवाद का असर आगे चलकर चुनावी राजनीति पर भी पड़ सकता है।
