कांकसा के गोपालपुर में नर्स की रहस्यमय मौत, इलाके में सनसनी

दुर्गापुर। दुर्गापुर कांकसा के गोपालपुर में नर्स की रहस्यमय मौत को लेकर इलाके में व्यापक सनसनी फैल गई है। बुधवार रात एक बहुमंजिला आवास के नीचे से मंदीरा पाल (24) का शव बरामद किया गया। मृतका का घर बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह मलानदिघी के एक निजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कार्यरत थीं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात उनकी ड्यूटी पर जाने की बात थी। लेकिन सहकर्मियों ने उन्हें न पाकर पुलिस को सूचना दी। बाद में आवास के बाहर से पुलिस ने उनका शव बरामद किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया। प्राथमिक अनुमान है कि बहुमंजिला आवास से गिरने के कारण नर्स की मौत हुई है। हालांकि यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और कारण है—इसे लेकर धुंध बनी हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आवास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और निवासियों व सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। घटना से मृतका के विष्णुपुर स्थित घर में शोक की छाया छा गई है। मृतका के मामा मनोतोष बंद्योपाध्याय का आरोप है, “यह सामान्य मौत नहीं, असामान्य मौत है। घटना की सही जांच होनी चाहिए।” अस्पताल की असिस्टेंट सुपर डॉ. राजश्री गुप्ता ने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। हमने पुलिस को सभी जानकारी दे दी है। किस कारण से मौत हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *