
पश्चिम मेदिनीपुर, 11 फरवरी । जिले के दासपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खातबाड़ी गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। इससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। गांव की 16 वर्षीय किशोरी श्रेया हायत का शव उसके घर से बरामद किया गया। श्रेया स्थानीय निवासी विश्वजीत हायत की पुत्री थी।
परिवार के अनुसार, मंगलवार रात सब कुछ सामान्य था। श्रेया ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैठकर भोजन किया, हंसी-मजाक भी हुआ और फिर वह रोज की तरह अपने कमरे में सोने चली गई। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि अगली सुबह इतनी दर्दनाक खबर लेकर आएगी।
बुधवार सुबह काफी देर तक जब श्रेया कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका बढ़ने पर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो भीतर से किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी दौड़े चले आए। देखते ही देखते घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना पाकर दासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने असामान्य मृत्यु का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रेया शांत स्वभाव की लड़की थी और पढ़ाई में भी ठीक थी। अचानक इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
