
रानीगंज। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निमचा इलाके में एक विशाल जुलूस एवं परिवर्तन यात्रा का आयोजन किया गया। इस जुलूस का नेतृत्व आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पाल ने किया।
जुलूस की शुरुआत निमचा रेलवे ब्रिज स्थित हनुमान मंदिर से हुई। इसके बाद जुलूस निमचा कोलियरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों की परिक्रमा करते हुए पुनः हनुमान मंदिर के पास आकर समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या मे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गौरतलब है कि बीते 2 फरवरी को इलाके की विधायक अग्निमित्रा पाल द्वारा निमचा इलाके में ‘पाड़ा पाड़ा दीदी भाई’ नामक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया जा रहा था। उस दौरान कथित तौर पर तृणमूल समर्थकों ने कार्यक्रम में बाधा डालते हुए “गो बैक”, “भाजपा हाय हाय”, “नरेंद्र मोदी हाय हाय” जैसे नारे लगाए थे। इस कार्यक्रम दौरान काफी हंगामे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और इसके बाद विधायक अग्निमित्रा पाल को कार्यक्रम अधूरा छोड़कर लौटना पड़ा था। उस समय उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के लिए स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह पर आरोप लगाया था। उनका कहना था कि उन्हीं के इशारे पर तृणमूल समर्थकों ने भाजपा के जनसंपर्क अभियान को बाधित किया। इसी घटना के विरोध और जवाब में विधायक अग्निमित्रा पाल के नेतृत्व आज भाजपा ने पूरे निमचा इलाके में परिवर्तन यात्रा निकालकर तृणमूल के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन किया। वही जुलूस के मद्देनज़र किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। जुलूस के चारों ओर पुलिस के जवान लगातार गश्त करते नजर आए। वही जुलूस समाप्त होने के बाद विधायक अग्निमित्रा पाल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा पश्चिम बंगाल में हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है। आज निमचा इलाके से हमने यह संदेश दिया है कि बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है। लोग तृणमूल कांग्रेस की दुर्नीति, संत्रास और गुंडाराज से मुक्ति चाहते हैं।”उन्होंने आगे कहा कि “सात दिन पहले जब हम यहां जनसंपर्क अभियान कर रहे थे, तब तृणमूल के 10–15 कैडरों ने हमारे कार्यक्रम को बाधित किया, गो बैक के नारे लगाए और मोदी जी के नाम पर गालियां दीं। उस दिन हमने संयम रखा, लेकिन आज परिवर्तन यात्रा निकालकर स्पष्ट संदेश दिया है कि तृणमूल धमकी और गाली देकर भाजपा को दबा नहीं सकती।”

विधायक अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि“कल रात से इस परिवर्तन रैली को लेकर तृणमूल कांग्रेस के गुंडे घर-घर जाकर लोगों को धमका रहे थे कि कोई घर से बाहर नहीं निकलेगा। इसी वजह से आज इलाके में डर का माहौल है और बहुत कम लोग घरों से बाहर निकले। उन्होंने तृणमूल के पोस्टर ‘जोतो कोरो हमला, जय कोरबे बांग्ला’ पर भी निशाना साधते हुए कहा “हमला तो ममता बनर्जी की सरकार कर रही है। आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। 15 साल में कोई विकास नहीं हुआ, सिर्फ डर के माहौल में लोगों से वोट लिया गया।” वही इस दौरान विधायक ने अवैध कोयला-बालू कारोबार पर बड़ा बयान देते हुए नाम लिए बिना स्थानीय तृणमूल नेताओं पर जमकर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा“आप लोगों की जितनी औकात है उतना ही दिखाइए। आप लोग गुंडागर्दी करते हैं, बालू और कोयले का अवैध कारोबार चलाते हैं। भाजपा की सरकार आने के बाद चुन-चुन कर सबका हिसाब लिया जाएगा और यहां से अवैध कोयला-बालू का धंधा पूरी तरह बंद होगा।”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि—

“राज्य सरकार नहीं चाहती कि यह अवैध कारोबार बंद हो, क्योंकि इससे मिलने वाला पैसा नेताओं और पुलिस तक जाता है।”वही विधायक अग्निमित्रा पाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि“हमारे इलाके के अवैध कोयला और बालू कारोबारी चिन्मय मंडल और किरण खां को ईडी ने गिरफ्तार किया है। यह साफ दिखाता है कि तृणमूल शासन में कैसे अवैध धंधे फल-फूल रहे हैं। इसके साथ आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा“इस बार चुनाव आयोग काफी सख्त है। इसलिए कहीं भी गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। जनता बिना डर के मतदान करेगी और बंगाल में परिवर्तन तय है।”
