शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली, 09 फरवरी । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में मामूली गिरावट का रुख भी बना। इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.38 प्रतिशत और निफ्टी 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, कोटक महिंद्रा, टाइटन कंपनी और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 5.86 प्रतिशत से लेकर 1.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर, ओएनजीसी, नेस्ले, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और बजाज फाइनेंस के शेयर 1.30 प्रतिशत से लेकर 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,750 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,186 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 564 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 597.11 अंक की मजबूती के साथ 84,177.51 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 84,314.68 अंक के तक पहुंचा। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स गिर कर 83,860.42 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 316.51 अंक की बढ़त के साथ 83,896.91 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 195 अंक उछल कर 25,888.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में ये सूचकांक उछल कर 25,922.25 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी लुढ़क कर 25,780.90 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 107.70 अंक की मजबूती के साथ 25,801.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 266.47 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,580.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 50.90 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,693.70 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *