
जामुड़िया। जामुड़िया के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के लिए आज एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है.जामुड़िया के तपसी ग्राम पंचायत अंतर्गत भूत बंगला मे ईएसआई (ESI) डिस्पेंसरी का उद्घाटन श्रमिकों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आई है जिसका शुभारंभ राज्य के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक और विधायक हरेराम सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इलाके मे स्वास्थ्य सुविधाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है अब श्रमिकों को प्राथमिक उपचार, इंजेक्शन या इमरजेंसी सेवाओं के लिए आसनसोल या दुर्गापुर भागने की जरूरत नहीं होगी। त्वरित सेवा के लिए बीमार श्रमिकों को ‘सिक सर्टिफिकेट’ और दवाइयां अब उनके कार्यस्थल के करीब ही मिल सकेंगी। पास में डिस्पेंसरी होने से श्रमिकों के समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी। यह पहल जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत हजारों मजदूरों को उनके घर और कार्यस्थल के पास ही सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। यह न केवल श्रमिकों के कल्याण को सुनिश्चित करेगी, बल्कि जामुड़िया जैसे औद्योगिक हब में स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती प्रदान करेगी। इस उद्घाटन समारोह में ब्लॉक अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा, सुब्रत अधिकारी,दिनेश चक्रवर्ती, सुकुमार भट्टाचार्य, राजू मुख़र्जी,स्थानीय पंचायत सदस्य नथुनी दुसाध सहित ईएसआई अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
