आसनसोल के सालडांगा वार्ड में कंबल वितरण को लेकर विवाद, भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की

आसनसोल। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 13 के अंतर्गत सालडांगा मे 19 जनवरी को समाजसेवी एवं भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मनजीत हेमराम नामक एक तृणमूल कांग्रेस कर्मी वहां पहुंचा और कंबल वितरण में बाधा डालते हुए “गो बैक कृष्णा प्रसाद” के नारे लगाने लगा। इस घटना का मौके पर मौजूद स्थानीय जनता और समाज के लोगों ने विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने एक राय पाड़ा के भाजपा कार्यकर्ता को उठाकर ले गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसी मामले में कृष्णा प्रसाद पर भी केस दर्ज किया गया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कृष्णा प्रसाद ने एक पत्रकार सम्मेलन कर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि वे लोग सामाजिक सेवा के तहत अच्छा कार्य करने गए थे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के इशारे पर उनके खिलाफ इस तरह से पुलिस केस दर्ज किया गया, जो निंदनीय है। कृष्णा प्रसाद ने कहा कि भाजपा डरने वाली नहीं है और इस तरह की कार्रवाइयों का जोरदार विरोध किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आसनसोल उत्तर विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस अपनी हार तय मान चुकी है, इसी कारण भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार केस किए जा रहे हैं और उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस दबाव की राजनीति के आगे झुकने वाली नहीं है और संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *