ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र में कटे 45 हजार मतदाताओं के नाम, सीएम ने बुलाई आपात बैठक

कोलकाता, 30 जनवरी । पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस प्रक्रिया के दौरान भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 45 हजार मतदाताओं के नाम मसौदा मतदाता सूची से हटाए जाने का मामला सामने आया है। इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अचानक अपने कालीघाट स्थित आवास-सह-पार्टी कार्यालय में एक अहम बैठक बुलाई है।

इस बैठक में भवानीपुर के सभी पार्षदों और बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) को बुलाया गया है। उल्लेखनीय है कि भवानीपुर ममता बनर्जी का स्वयं का निर्वाचन क्षेत्र है। वर्ष 2021 के उपचुनाव में इसी सीट से जीत दर्ज कर वह तीसरी बार राज्य की मुख्यमंत्री बनी थीं। ऐसे में इस क्षेत्र के इतने मतदाताओं का नाम कट जाने की वजह से मुख्यमंत्री चिंता में हैं।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री उन वार्डों की विशेष समीक्षा कर सकती हैं, जहां से सबसे अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, और पार्षदों को इस संबंध में विस्तृत आकलन के निर्देश देंगी। इसके साथ ही भवानीपुर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है।

सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे कालीघाट स्थित तृणमूल के पार्टी कार्यालय में यह बैठक होगी। बैठक दो चरणों में संपन्न होगी पहले चरण में मुख्यमंत्री पार्षदों के साथ चर्चा करेंगी, जबकि दूसरे चरण में बीएलए-2 से संवाद करेंगी।

बैठक में जिन प्रमुख नेताओं को बुलाया गया है, उनमें 82 नंबर वार्ड के पार्षद एवं कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम, मेयर परिषद सदस्य एवं पार्षद असीम बोस और संदीप रंजन बक्सी शामिल हैं। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष और इसी क्षेत्र के निवासी सुब्रत बक्सी के भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना है।

एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी की यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस लगातार आरोप लगाती रही है कि राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अवैज्ञानिक तरीके से किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और अनमैप्ड मतदाता जैसे कारणों का हवाला देकर बड़ी संख्या में मतदाताओं को सुनवाई के लिए बुलाया जा रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी आगामी रविवार, एक फरवरी को दिल्ली जाने वाले हैं। दो फरवरी को वे निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं। ऐसे में दिल्ली दौरे से ठीक पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर के पार्षदों और बीएलए-2 के साथ ममता बनर्जी की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *