कोलकाता समेत बंगाल में फिर बढ़ी ठंड, और गिरा तापमान

कोलकाता, 10 जनवरी । शहर में गत दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली थी, लेकिन शुक्रवार रात फिर से ठंड ने जोर पकड़ लिया। गुरुवार रात को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शुक्रवार रात यह गिरकर 11.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान सामान्य स्तर से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मकर संक्रांति तक पूरे बंगाल में ठंड का असर बना रहेगा। उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा, जिससे दृश्यता कम होने की आशंका है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ और धूप खिली रहेगी। ठंडी हवाओं के कारण हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में ठंड का ‘रियल फील’ दर्ज तापमान से भी कम महसूस होगा।

गंगासागर मेले में जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सुबह के समय घने कोहरे को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। कोहरे के कारण काकद्वीप–कचुबेरिया फेरी और वेसल सेवाओं के बाधित होने की आशंका जताई गई है।

उत्तर बंगाल में भी ठंड का असर बरकरार रहेगा। कूचबिहार और दोनों दिनाजपुर जिलों में भी ठंड वास्तविक तापमान से कम महसूस होगी। इसके साथ ही दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक कोलकाता के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रात का तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। कम से कम अगले चार दिनों तक दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण ठंड का एहसास अधिक होगा, हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *