रानीगंज में शुरू हुआ पांच दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर

रानीगंज। रानीगंज के नंदलाल जालान फाउंडेशन कैंपस (नंदलाल जालान शिक्षा सदन) में नए वर्ष के पहले सप्ताह में पांच दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का आयोजन शुरू हुआ है। सामाजिक संस्था नंदलाल जलान फाउंडेशन के तत्वाधान मे दुर्गापुर की साहस एवं कोलकाता की महावीर सेवा सदन कोलकाता के सहयोग से नंदलाल जलान फाउंडेशन कैंपस में बुधवार से शिविर लगाकर नि:शुल्क कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, हाथ एवं मोल्डेड जूते का वितरण कार्य शुरू हुआ। इस मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष आर. पी. खेतान, सचिव सी. ए. स्वपन लॉयलका, प्रोजेक्ट एडवाइजर ओम प्रकाश बाजोरिया, ललित कयाल, प्रोजेक्ट चेयरमैन श्रवण तोदी, शिविर के प्रभारी अरुण भरतिया, दुर्गापुर साहस संस्था के शंभु जाजोदिया, महावीर सेवा सदन कोलकाता की शैल अग्रवाल समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान अरुण भरतिया ने बताया कि आज से नि:शुल्क कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, हाथ एवं मोल्डेड जूते का वितरण शुरू हुआ है। पांच दिवसीय शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजन एवं जरूरतमंदों को फिर से गतिशील जीवन प्रदान करना है। इस दौरान कुल 150 लोगों ने कृत्रिम अंग के लिए पंजीकृत किया है।  प्रतिदिन 30 दिव्यांगों को अंग प्रदान किए जाएंगे। इस शिविर में पश्चिम बंगाल के अलावा अन्य राज्यों से भी दिव्यांग पहुंचे हैं उनके लिए हम लोगों ने मुफ्त में रहने एवं खाने की व्यवस्था की है। इस दौरान अगर किसी ने पंजीकृत नहीं किया है तो वह भी यहां आकर अपना नाम लिख सकते हैं उन्हें हम मुफ्त में कृत्रिम अंग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के वंचित और दिव्यांग वर्ग को आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *