
आसनसोल। पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य समिति सदस्य तथा आसनसोल सांगठनिक जिले के वरिष्ठ नेता सभापति सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
जानकारी के अनुसार, शारीरिक अस्वस्थता के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आज उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए पार्टी से जुड़े नेता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे। इस दौरान सभापति सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और ईश्वर से उनके जल्द आरोग्य की प्रार्थना की। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है, वहीं सभी को उम्मीद है कि वे जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से सक्रिय राजनीति में लौटेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सभापति सिंह आसनसोल सांगठनिक जिले में एक अनुभवी और सम्मानित नेता माने जाते हैं और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके प्रति चिंता और संवेदना देखी जा रही है।
