बंगाल भाजपा ने नई राज्य कमेटी का किया ऐलान, विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संगठनात्मक कदम

कोलकाता, 07 जनवरी । पश्चिम बंगाल में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने बुधवार को नई राज्य कमेटी का औपचारिक ऐलान कर दिया। नई कमेटी की घोषणा को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन के दम पर कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनावी मैदान में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।

पार्टी की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, वरिष्ठ नेता शमिक भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनके साथ संजय सिंह, राजू बनर्जी, देवश्री चौधुरी, अग्निमित्रा पॉल, दीपक बर्मन, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, मनोज टिग्गा, निशिथ प्रमाणिक, तापस रॉय, अमिताव रॉय, तनुजा चक्रवर्ती और प्रबल राहा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

संगठन के संचालन को मजबूती देने के लिए ज्योतिर्मय सिंह महतो, लॉकेट चटर्जी, सौमित्र खान, बापी गोस्वामी और शशि अग्निहोत्री को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। वहीं संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों को जमीनी स्तर पर धार देने के लिए बड़ी संख्या में सचिवों की भी नियुक्ति की गई है। इनमें शंकर घोष, दीपांजन गुहा, सोनाली मुर्मू, मनोज पांडेय, अमलन भादुड़ी, महादेव सरकार, सखारव सरकार, सिंटू सेनापति, सरबरी मुखर्जी, मोहन शर्मा, बिवा मजूमदार और संजय वर्मा के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा पार्टी की आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने के लिए आशीष बापट को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। प्रवीन अग्रवाल और विद्यासागर को संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के दफ्तर से जुड़े कामकाज के लिए प्रणय रॉय को कार्यालय सचिव और प्रत्युष मंडल को संयुक्त कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, नई कमेटी में अनुभव और युवा नेतृत्व का संतुलन साधने की कोशिश की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के बैकग्राउंड से आने वाले लोगों को भी जगह दी गई है। पार्टी का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और चुनाव से पहले जनसंपर्क को तेज करने पर रहेगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नई कमेटी चुनावी तैयारियों को लेकर कई अहम फैसले ले सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *