प्रदेश भाजपा ने लिखा ममता को पत्र, द्रौपदी के समर्थन की मांग

 

कोलकाता । राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की मांग करते हुए प्रदेश भाजपा ने ममता बनर्जी को पत्र लिखा है। पार्टी के राज्य अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने पत्र लिखकर ममता बनर्जी से द्रोपदी मुर्मू के समर्थन की मांग की है। इसमें सुकांत के अलावा शुभेंदु अधिकारी का भी हस्ताक्षर है। सुकांत ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली ऐसी आदिवासी महिला हैं जिन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का राष्ट्रपति बनने के लिए नामांकित किया गया है। हम लोग चाहते हैं कि पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर आदिवासी समुदाय हैं। यहां की मुख्यमंत्री उनका समर्थन करें ताकि देश में एक अच्छा संदेश जाए। पत्र में उन्होंने लिखा है कि द्रौपदी मुर्मू की जीत सुनिश्चित है बावजूद इसके भाजपा की ओर से हम आपसे प्रार्थना करते हैं कि द्रोपदी का समर्थन दिया जाए ताकि वह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हो सकें।
उल्लेखनीय है कि द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं जिनके नाम का प्रस्ताव तृणमूल कांग्रेस ने ही किया था। इसलिए ममता के लिए किसी और का समर्थन करना लगभग नामुमकिन है। दूसरी और अगर द्रौपदी मुर्मू को पश्चिम बंगाल से सत्तारूढ़ पार्टी का समर्थन नहीं मिलता है तो लोकसभा चुनाव के दौरान आदिवासी समुदाय की नाराजगी का खामियाजा भी तृणमूल को भुगतना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *