बीरा स्टेशन पर वृद्ध यात्री की जान बचाने वाले प्वाइंट्समैन को सियालदह डीआरएम ने किया सम्मानित

कोलकाता, 23 दिसंबर 2025 : बीरा रेलवे स्टेशन पर साहस का अनुपम उदाहरण पेश करते हुए प्वाइंट्समैन सौमेन गांगुली ने 18 दिसंबर को एक वृद्ध महिला यात्री को ट्रेन की चपेट से बचाया। लाइन नंबर-1 पर बनगांव की ओर जा रही 33365 बारासात-बनगांव लोकल ट्रेन के आते ही रेल पटरी पार कर रही महिला ट्रेन की चपेट में आने वाली थी। स्थिति भांपते ही गांगुली ने प्राणों का जोखिम उठाकर पटरी पर छलांग लगाई और ट्रेन गुजरने से ठीक पहले महिला को सुरक्षित खींच लिया।

इस नायाब साहस से प्रभावित महिला ने रेलवे प्रशासन को लिखित प्रशंसा पत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने गांगुली को अपना ‘दूसरा जीवन’ देने का श्रेय देते हुए रेलवे के प्रति आभार जताया। इस निस्वार्थ कृत्य की सराहना में सियालदह मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने गांगुली को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया।

डीआरएम सक्सेना ने कहा, “गांगुली की त्वरित प्रतिक्रिया और अदम्य साहस भारतीय रेल के लिए गौरव का विषय है। यह हमारी फील्ड स्टाफ की सतर्कता का जीता-जागता प्रमाण है।” उन्होंने यात्रियों से अपील की कि सुरक्षा को प्राथमिकता दें, हमेशा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का उपयोग करें और कभी रेल पटरी पार न करें। इस घटना ने रेल कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा को एक बार फिर रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *