पुरुलिया : नितुरिया अंचल के सालतोड़ ग्राम पंचायत के पुरुलिया आसनसोल मुख्य सड़क पर पारबेलिया में सड़क की दुरावस्था यात्रियों सहित वाहनों के आवागमन में भारी परेशानियां उत्पन्न कर रहा है।
जानकारी के अनुसार इस सड़क मार्ग से प्रत्येक दिन सैंकड़ो यात्री, मालवाही तथा अन्य छोटी बड़ी गाड़ियों की आवाजाही बनी रहती हैं।
लेकिन यह एक दिन की बात नहीं है, बल्कि महीनों से यहां सड़क की ऐसी ही अवस्था बनी हुई है। इन दिनों पड़ रही वर्षा ने इसकी अवस्था और बिगाड़ दी है। जानकारों का कहना है कि बीच में सड़क की चिटापट्टी कर कामचलाऊ बना दिया गया था। इसी दौरान यहां उभर गए गड्ढे में गुरुवार को एक बड़ी गाड़ी के फंस जाने के कारण यहां आवाजाही की पोल और खोलकर रख दी।
उल्लेखनीय है कि यह रास्ता काफी व्यस्ततम रास्तों में गिना जाता है। इससे होकर रघुनाथपुर अनुमंडल के कारखानों तथा पुरुलिया क्षेत्र से भारी मालवाही वाहनों का आना-जाना प्रतिदिन लगा रहता है। जबकि बांकुड़ा पुरुलिया से यात्री बसों का आना जाना लगा रहता है।
पारबेलिया क्षेत्र में बाजार, स्कूल, कोलियरी, बैंक आदि होने के कारण क्षेत्र में भीड़ बनी रहती है। ऐसे में सड़क की यह दुरावस्था काबिले गौर है।
लोगों का कहना है कि कुल मिलाकर सड़क पर स्वतः बन आये गड्ढे से आवागमन की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं तथा खतरे की आशंका जताई जा रही है।
