पांडवेश्वर। महिला तृणमूल कांग्रेस की राज्य उपाध्यक्ष अर्पिता घोष ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय होने तथा महीने में कम से कम एक बार हर घर जाकर जनसंपर्क बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने यह संदेश शनिवार को पांडवेश्वर में महिला तृणमूल कांग्रेस के जिला सम्मेलन में दिया। यह सम्मेलन पांडवेश्वर में अजय नदी के समीप पंचपांडव मंदिर क्षेत्र में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में अर्पिता घोष के अलावा महिला तृणमूल कांग्रेस की जिला अध्यक्ष असीमा चक्रवर्ती, तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सह विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, जिला परिषद उपाध्यक्ष चुमकी मुखर्जी,कृष्णा बनर्जी के साथ-साथ जिले के प्रत्येक ब्लॉक के अध्यक्ष, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस मौके पर नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि महिलाएं पार्टी की ताकत हैं। तृणमूल कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाती हैं। उन्होंने पार्टी का हर संदेश जमीनी स्तर तक फैलाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भी तृणमूल कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता इसी भूमिका में नजर आएंगी। अर्पिता घोष ने कहा कि ममता बनर्जी एकमात्र नेत्री हैं जिन्होंने महिला सशक्तिकरण को महत्व दिया है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई परियोजनाएं शुरू की हैं। जिसका लाभ बंगाल के हर घर की महिलाओं को मिल रहा है। ममता बनर्जी की परियोजनाओं की आज पूरे देश और दुनिया भर में सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2026 में हैं, इसलिए महिला कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में उतरना होगा। उन्होंने महिला पार्टी कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे क्षेत्र के प्रत्येक घर में कम से कम महीने में एक बार जाकर गहन जनसंपर्क स्थापित करें।