मेट्रो सेवाएं रद्द होने से स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़, दमदम में महिला घायल

कोलकाता, 22 जनवरी (हि. स.)। कोलकाता मेट्रो सेवाएं बुधवार को बुरी तरह बाधित रहीं। कई मेट्रो रद्द होने के कारण स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। दमदम स्टेशन पर धक्का-मुक्की के दौरान एक महिला घायल हो गई।

दमदम स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि दोपहर लगभग 12:45 बजे से कवि सुभाष से दमदम जाने वाली मेट्रो सेवाएं बाधित हो गईं। लगातार तीन मेट्रो स्टेशन पर नहीं पहुंचीं। हालांकि, मेट्रो प्रबंधन की ओर से इस समस्या को लेकर न तो कोई स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही स्टेशनों पर कोई घोषणा हुई।

मेट्रो अधिकारियों ने दावा किया कि सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं हुईं। मेट्रो के प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिणेश्वर स्टेशन से 12:40 बजे एक मेट्रो रेक रवाना होने वाली थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह स्टेशन से बाहर नहीं जा सकी। इसके बाद यात्रियों को दूसरी मेट्रो से 12:50 बजे रवाना किया गया। तकनीकी खराबी वाले रेक को मरम्मत के बाद सेवाओं में फिर से शामिल कर लिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी तरह की हड़बड़ी या अफरा-तफरी नहीं हुई और सभी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही थी।

हालांकि, यात्रियों का अनुभव इससे बिल्कुल अलग था। उन्होंने बताया कि तीन मेट्रो रद्द होने के बाद जब दमदम स्टेशन पर एक मेट्रो पहुंची, तो भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई लोग उसमें चढ़ ही नहीं सके।

बेलघरिया की निवासी पुतुल डे, जो रविंद्र सदन जा रही थीं, भीड़ के धक्के से गिर गईं और घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि 15-20 मिनट इंतजार करने के बाद मेट्रो आई, लेकिन चढ़ने के दौरान पीछे से धक्का लगने पर गिर गई। पैर में चोट आई है और बैठने की जगह भी नहीं मिली। अब चोट के साथ खड़े-खड़े सफर करना पड़ेगा।

दूसरी ओर, बाली के निवासी स्नेहा पाल ने कहा कि लगातार तीन मेट्रो रद्द हो गईं, और जब मेट्रो आई, तो उसमें इतनी भीड़ थी कि चढ़ना मुश्किल हो गया। ऐसी स्थिति में यात्रियों को सूचना देना जरूरी है। ऑफिस पहुंचने में काफी देरी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?