बागुईआटी हत्या कांड: चार घंटे में पुलिस ने मामला सुलझाया, फेसबुक मित्र गिरफ्तार

 

कोलकाता, 14 दिसंबर  । कोलकाता के बागुईआटी में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति महिला का फेसबुक मित्र कौशिक साहा है, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।

मृतक महिला का नाम है अभिषिक्ता दे, जो एक ब्यूटी पार्लर में कार्यरत थीं। सात साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनका तीन साल का बेटा है। वर्तमान में उनका बेटा दादा-दादी के साथ रहता था। महिला अपने पति के साथ बागुईआटी में रह रही थीं।

पुलिस ने शनिवार अपराह्न बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनके पति घर से बाहर गए थे। दोपहर करीब 11:30 बजे उन्होंने पत्नी को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम को जब वे घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। उन्होंने अपनी चाबी से दरवाजा खोला, तो कमरे में पत्नी का शव देखकर स्तब्ध रह गए।

मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जांच के दौरान महिला के पति ने फेसबुक मित्र कौशिक साहा का जिक्र किया, जिनसे हाल के दिनों में महिला का विवाद चल रहा था। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें कौशिक को महिला के घर के आसपास देखा गया। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने नागेरबाजार के मुरागाछा इलाके से उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ में कौशिक ने बताया कि शुक्रवार सुबह महिला के पति के घर से जाने के बाद वह महिला से मिलने आया था। बातचीत के दौरान दोनों में विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि महिला और कौशिक की पहचान सात-आठ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। जल्द ही दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुआ और चार-पांच महीने पहले उन्होंने कालीघाट में शादी भी की थी।

इस हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की संभावना से पुलिस ने इनकार किया है। आरोपित को शनिवार 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है और उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की कोई और वजह तो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?