
कोलकाता । खरतरगच्छाधिपति मणिप्रभसूरीश्वर म. सा. की आज्ञानुवर्तिनी परम पूज्या प्रवर्तिनी सज्जन श्री जी महाराज साहब की सुशिष्या परम पूज्या प्रवर्तिनी बंगदेश उद्धारिका शशिप्रभा श्री जी म.सा. का 26 जून को सड़क दुर्घटना में कालधर्म हो गया है । यह दुर्घटना बंगाल के पांशकुड़ा, कोलाघाट में हुई है । यह स्थान खड़गपुर से 40 किलोमीटर दूर है। इस दुःखद समाचार से जैन समाज में शोक की लहर है । प्राप्त समाचार के अनुसार गुरुवर्या श्री की डोल यात्रा एवं अंतिम संस्कार 27 जून को प्रातः 8.30 बजे खड़गपुर में होगा । इस दुर्घटना में साध्वी जागृत दर्शना श्रीजी महाराज एवं सेविका गिरिजा बहन को काफ़ी चोट आई है जिनका अभी सी एम आर आई हॉस्पिटल, कोलकाता में उपचार चल रहा है, आई सी यू में भर्ती है । श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ कोलकाता ने यह जानकारी दी ।
