नई दिल्ली, 24 अगस्त । साल 2021 के 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सृष्टि लखेरा की एक था गांव को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिलेगा।
गुरुवार को 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की जूरी ने नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में पुरस्कार विजेताओं के नाम घोषित किए। फिल्म पुष्पा के लिए अल्लू अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के संयुक्त तौर पर आलिया भट्ट और कृति सेनन का नाम घोषित किया।
इसके साथ पंकज त्रिपाठी ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीता जबकि पल्लवी जोशी ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। घोषणा से पहले 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की जूरी ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की।
