कोलकाता, 11 अगस्त । पश्चिम बंगाल से सटी भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उत्तर 24 परगना के दो अलग-अलग जगहों से अवैध तरीके से सोने और हेरोइन की तस्करी करने वाले तस्करों को धर दबोचा है। घटना कोलकाता सेक्टर के अंतर्गत पेट्रापोल आउटपोस्ट की है। यहां बांग्लादेश सीमा पर निर्यात का सामान पहुंचाने गया एक ट्रक जब वापस लौटा तो उसकी तलाशी लेने पर उसमें से सोने के सात कड़े बरामद किए गए। इसका वजन 1228.430 ग्राम और अनुमानित कीमत 72 लाख 29 हजार 311 रुपये है। ट्रक चालक को बीएसएफ ने अपनी हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया है। उसकी पहचान उत्तर 24 परगना की सूतिया के रहने वाले कमलेश आचार्य के तौर पर हुई है। जब्त किए गए सोने को कस्टम विभाग पेट्रापोल को सौंप दिया गया है।
एक दूसरी घटना में उत्तर 24 परगना जिले की सीमा चौकी धोबिला के पास बीएसएफ के जवानों ने पुख्ता सूचना मिलने के बाद एक संदिग्ध को गुरुवार देर रात रोका था। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास तो 7.380 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है जिसकी अनुमानित कीमत चार लाख 90 हजार रुपये है। उसकी पहचान भागीरथ सरकार के तौर पर हुई है जो इसी जिले के बाड़ाबकड़ा गांव का रहने वाला है। उसने बताया है कि तस्करी के आरोप में वह पहले भी गिरफ्तार हुआ था और तीन वर्षों तक बशीरहाट की जेल में था। चार महीने पहले ही रिहा हुआ था उसके बाद एक बार फिर वह तस्करी में शामिल हो गया था। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्वरूप नगर थाने को सुपुर्द कर दिया गया है। बीएसएफ दक्षिण बंगाल के डीआईजी ए के आर्य ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ के जवान सख्ती से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं जिसकी वजह से तस्करों के मंसूबों को नाकाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा पर किसी भी तरह के अपराध को बीएसएफ किसी भी सूरत में सफल नहीं होने देगी। इसके लिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
