विदेशी प्रेमिका के आवास के पास मिला चिकित्सक का शव

 

कोलकाता, 18 जुलाई । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक चिकित्सक का शव बरामद हुआ है। खास बात यह है कि वह एक विदेशी से प्यार करते थे और उसी के आवास के पास उनका शव बरामद किया गया है। मंगलवार को कोलकाता पुलिस सूत्रों ने इस बारे में जानकारी दी। बताया गया है कि‌ प्रगति मैदान थाना इलाके में हाई राइज अपार्टमेंट के पास तड़के डॉक्टर का शव बरामद किया गया है। उनकी पहचान शुभंकर चक्रवर्ती के तौर पर हुई है। डॉक्टर मंगलवार भोर तीन बजे बहुमंजिला आवास की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गए। सूत्रों के मुताबिक उस आवास में उसकी गर्लफ्रेंड रहती थी, जो थाईलैंड की रहने वाली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर डॉक्टर का शव बरामद किया।
चक्रवर्ती का घर विधाननगर में है। वह शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टर की मुलाकात महिला से थाईलैंड में यात्रा के दौरान हुई थी। महिला ने कुछ दिन पहले ही बाईपास के किनारे एक फ्लैट किराए पर लेकर रहना शुरू किया था। पड़ोसियों का दावा है कि डॉक्टर ने कुछ महीने पहले उनके फ्लैट पर आना जाना शुरू किया था। उन्होंने यह भी बताया कि महिला रोज सुबह घर से निकल जाती थी और रात को घर लौटती थी।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह ऊंची मंजिल से कैसे गिरे। इसमें हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने थाईलैंड निवासी उनकी गर्लफ्रेंड को पहले ही हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *