कोलकाता, 13 मई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान कोलकाता पहुंच चुके हैं। ईस्ट बंगाल क्लब ग्राउंड में आयोजित हुए “दबंग द टूर रीलोडेड” कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए वह आधी रात बाद कोलकाता पहुंचे। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच वह हवाई अड्डे से बाहर निकले और यहां मौजूद फैंस की ओर हाथ मिलाते हुए सीधे होटल पहुंचे हैं। दोपहर बाद उनका मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने का कार्यक्रम है जिसके बाद शाम 6:00 बजे उन्हें परफॉर्म करना है। 14 सालों बाद कोलकाता में उनका कार्यक्रम हो रहा है।
सलमान खान को हाल ही में जान से मारने की धमकी मिली थी जिसके बाद उनके कोलकाता दौरे को केंद्र पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। ईस्ट बंगाल क्लब के अधिकारियों ने उन्हें कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था जिसे उन्होंने पहले ही स्वीकार कर लिया था लेकिन धमकी मिलने के बाद उनका कार्यक्रम टलता गया था। सूत्रों ने बताया है कि सलमान खान के साथ जैकलिन फर्नांडीस, कैटरीना कैफ, सोनाक्षी सिन्हा, पूजा हेगडे़, प्रभु देवा, गुरु रंधावा सहित कई अन्य स्टार उपस्थित होंगे।