बेहला में लॉरी की चपेट में आने से पुलिस कांस्टेबल की मौत

कोलकाता, 8 अप्रैल । बालू से लदी लॉरी की चपेट में आने से एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह बेहाला के ठाकुरपुकुर थाना के सामने हुई। मृतक कांस्टेबल का नाम शिशिर मंडल है। वह मालदह के निवासी थे। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक ठाकुरपुकुर थाना क्षेत्र में रातभर ड्यूटी कर कांस्टेबल बाइक से थाना लौट रहे थे। हादसा उसी वक्त हुआ। पता चला है कि आज सुबह जब उनकी बाइक ठाकुरपुकुर थाने के सामने यू-टर्न ले रही थी, तभी एक तेज रफ्तार बालू लदी लॉरी ने नियंत्रण खो दिया और कांस्टेबल की बाइक को टक्कर मार दी जिससे वे बाइक सहित गिर गये और लॉरी उनके ऊपर से गुजर गई। घटना के बाद ठाकुरपुकुर थाना के पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल शिशिर मंडल को विद्यासागर अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का आरोप है कि यह हादसा इसलिए हुआ क्योंकि घातक लॉरी की गति अधिक थी। लॉरी को जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक फरार है। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज कलेक्ट की है।

सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और यातायात विभाग के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *