बारुईपुर, 18 मार्च। एक मां पर अपने सात साल के बेटे को दुपट्टे से पंखे से लटकाने का आरोप लगा है। इसके बाद उस महिला ने बालकनी से छलांग लगा कर आत्महत्या की कोशिशकी। दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर इलाके के एक संभ्रांत आवास में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपित महिला का नाम पारोमिता अहमद है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस वक्त पारोमिता अपने बेटे को पंखे से लटका रही थी तब उस घर में काम करने वाली महिला की नजर उस पर पड़ी। घर की नौकरानी अनिमा नस्कर ने कहा कि वह बच्चे को बचाने के लिए दौड़ी। वह पंखे से लटक रहा था। पारोमिता खुद ही दुपट्टे को काटती है और बेटे को नीचे लाती है। उसके गले पर फंदे के निशान हैं। उसके बाद पारोमिता ने दो मंजिले पर स्थित फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। पुलिस ने गंभीर हालत में गृहिणी को रेस्क्यू कर एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पारोमिता अहमद और उसका पति मुनीर अहमद सिलीगुड़ी के रहने वाले हैं। मुनीर एक गैर सरकारी बैंक का अधिकारी है। मुनीर अहमद पहले सिलीगुड़ी में कार्यरत थे। वहीं दोनो की जान पहचान हुई। अलग-अलग धर्म से होने के कारण दोनो ने सात साल पहले बिना किसी को बताए शादी कर ली। मुनीर अहमद वर्तमान में कोलकाता में कार्यरत हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में उनके बीच वैवाहिक विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं यह घटना उसी की वजह से तो नहीं हुई है।मुनीर अहमद ने पत्नी के खिलाफ नरेंद्रपुर थाने में तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है
