कोलकाता, 18 मार्च । समाजवादी पार्टी ने शनिवार को कोलकाता में अपनी दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू की है। इसमें वह इस साल के अंत में तीन राज्यों में होने वाले चुनावों और अगले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की नीतियों और रणनीतियों पर चर्चा करेगी। 11 साल के अंतराल के बाद कोलकाता में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी हो रही है। उस समय समाजवादी पार्टी के संस्थापक (दिवंगत) मुलायम सिंह यादव ने बैठक की अध्यक्षता की थी।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा कि हम इस साल के अंत में छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और फिर 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, ”यह तय किया गया है कि भाजपा से लड़ने के लिए टीएमसी और एसपी एक साथ आएंगे। दोनों पार्टियां कांग्रेस से भी समान दूरी बनाए रखेंगी।
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को भाजपा के खिलाफ एकजुटता पर सहमति व्यक्त की थी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी बनाए रखने की नीति पर चल रही है। अखिलेश ने कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी।
