कोलकाता, 7 फरवरी। त्रिपुरा में आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर जड़ें जमाने में जुटी तृणमूल कांग्रेस ने वहां जनसभाएं शुरू कर दी है। मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भी त्रिपुरा के अगरतला में जनसभा की है। उन्होंने कहा है कि अगर राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनती है तो यहां भी बंगाल की तरह लक्ष्मी भंडार योजना लागू किया जाएगा। इसके तहत महिलाओं को वित्तीय मदद दी जाएगी। अभिषेक ने कहा कि बंगाल की तरह हम त्रिपुरा में भी दुआरे सरकार लागू करेंगे और हर एक सरकारी योजना का लाभ लोगों के घर तक जाकर पहुंचाएंगे। तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक ने कहा, “सीपीआईएम एक हिंसक, भ्रष्ट शासन को 25 सालों तक त्रिपुरा में चलाती रही। उन्होंने बंगाल को भी अपने शासन के दौरान कंगाल किया और त्रिपुरा को भी जमकर लूटा। इसके बाद भाजपा आई तो जल्लादों की तरह शासन चला रही है। अब यहां बदलाव की जरूरत है। अगर बंगाल में विकास हो सकता है तो त्रिपुरा में भी तृणमूल कांग्रेस उसी तर्ज पर विकास करेगी।
अभिषेक ने कहा, “यहां तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनाएं। तृणमूल को वोट देने का मतलब है भाजपा और सीपीआईएम को लोकतांत्रिक तरीके से थप्पड़ मारना।” उन्होंने दावा किया कि दो तारीख को चुनाव के नतीजे आने के बाद त्रिपुरा में ‘मां माटी मानुष की सरकार’ स्थापित हो जाएगी। इसके साथ ही त्रिपुरा में लक्ष्मी भंडार का भी शुभारंभ किया जाएगा।
अभिषेक ने दावा किया, “त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है, न कि कांग्रेस, सीपीआईएम या कोई और।”
भाजपा की ‘डबल इंजन’ थ्योरी की आलोचना करते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “डबल इंजन का मतलब सीबीआई और ईडी है। केंद्र और राज्य चोरी करेंगे, कोई कुछ नहीं कहेगा। अभिषेक ने कहा, “हमने कहा बिल्पाब देव फ्लॉप देव हैं। हमारे दबाव के कारण तीन महीने के भीतर इस राज्य में मुख्यमंत्री बदल दिया गया।” उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार राज्य सरकार में बदलाव होगा।
अभिषेक ने कहा, “त्रिपुरा में आतंक का राज है। यहां तक कि हमारी पार्टी की राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव की कार पर भी हमला किया गया था। यह यहां की संस्कृति नहीं है। त्रिपुरा इस तरह विकसित नहीं होगा। केवल तृणमूल ही शांति और विकास ला सकती है।” अभिषेक ने कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ही विकास शुरू हुआ। अब बंगाल के सभी हिस्सों में लोगों को घर बैठे विकास का लाभ मिल रहा है। वे त्रिपुरा में इसी तरह की सुविधाएं मुहैया कराएंगे। उन्होंने कहा, ‘अगर बंगाल में विकास है तो त्रिपुरा को वंचित क्यों रखा जाए। इस राज्य की जनता दो मार्च के बाद घर-घर सरकार, घर-घर विकास देखेगी। हम झूठे वादे नहीं करते। हम हम जो कहते हैं वह करते हैं। यहां भी लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिलेगा। जनजातीय महिलाओं को एक हजार रुपये महीना मिलेगा। वह पैसा सीधे उनके खाते में जाएगा।”