जामुड़िया। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर जमुड़िया थाने की पुलिस को एक बार फिर गोपनीय सूत्र से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार की रात जमुड़िया थाना के अंतर्गत 6नंबर बाउरी पाड़ा स्थित यंग स्टार क्लब में संचालित हो रहे जुआ अड्डा पर पुलिस ने छापा मारा।पुलिस को देख जुए अड्डे पर भगदड़ मच गई। मौके देख कई जुआरी भाग निकले। पुलिस ने मौके से दस जुआरियों को गिरफ्तार किया है,वही जुआ अड्डा से पुलिस काे ताश की गड्डियों के अलावा 30100 रुपए भी मिले हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार होने वाला आरोपियों में रंजीत महतो, शाहबाज अंसारी, बिनॉय कुमार अग्रवाल, संतोष चौधरी, मिराज अंसारी, उत्तम बाउरी, सनज सिंह, बिमल गुप्ता, आजाद महतो और पवन वर्मा हैं।पुलिस ने पकड़े गए जुआरियाें काे शुक्रवार काे आसनसोल जिला न्यायालय में पेश किया। सनद रहे कि काली पूजा और दीपावली आते ही शिल्पांचल के विभिन्न क्षेत्रो में जुआ संचालक सक्रिय हो जाता है। वहीं आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी थाना के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह लोग जुआ अड्डे पर कड़ी नजर रखे और सख्त कार्रवाई करें। ज्ञात हो कि एडीपीसी के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर जुआ अड्डा का संचालन किया जाता है। जिसमें आसनसोल, कुल्टी के लच्छीपुर रेड लाइट, पांडवेश्वर, बर्नपुर, रानीगंज जामुड़िया आदि इलाकों में जुआ का संचालन बड़े पैमाने पर होता है। बीते दिनों ही रानीगंज के एक सरकारी कम्युनिटी हॉल और जामुड़िया थाना अंतर्गत श्रीपुर फाड़ी क्षेत्र माझी पाड़ा, गोविंद नगर स्थित एक घर में जुआ अड्डा का भंडाफोड़ किया गया था। पुलिस के द्वारा जुआ अड्डों की भंडाफोड़ के लिए लगातार विभिन्न इलाके में छापामारी कर रही है।
