कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मवेशी तस्करी की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने एक बार फिर बीरभूम के नानूर में स्थित अणुव्रत मंडल के चावल मिल में छापेमारी की है। बुधवार सुबह के समय केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी चावल मिल में पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया है। इसके साथ ही एजेंसी के अधिकारियों ने जिला सब रजिस्ट्रार के दफ्तर में भी जाकर पूछताछ की है। इसी ऑफिस के जरिए बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद बिक्री हुई है। इनमें ऐसे लोग शामिल रहे हैं जो मवेशी तस्करी में संलिप्त रहे हैं। खासतौर पर अणुव्रत मंडल के रिश्तेदार और सहगल हुसैन के करीबी लोगों के बारे में खोज खबर ली गई है। एएनएम एग्रोकेम नाम से मौजूद उस चावल मिल में छापेमारी के बाद सीबीआई अधिकारियों ने कंपनी के दो निदेशकों सुकन्या मंडल (अणुव्रत मंडल की बेटी) और उसके सहायक विद्युतवरण गायन को दस्तावेज जमा करने को कहा है रतनकुठी में बने सीबीआई के अस्थाई कैंप में तुरंत दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।
