कोलकाता,। त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के साथ कथित तौर पर पुलिस ज्यादती के खिलाफ लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में विरोध प्रदर्शन किया है। दोपहर के समय सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुरलीधर सेन लेन स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से थोड़ी दूरी पर सेंट्रल एवेन्यू के पास विरोध प्रदर्शन किया। इसकी वजह से कुछ देर के लिए यातायात जाम हो गया था। हालांकि सोमवार को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के गेट पर धरना दिया था और बैनर पोस्टर लगा दिए थे। मंगलवार को ऐसा कुछ नहीं हुआ। सेंट्रल एवेन्यू मोड़ पर एकत्रित हुए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने त्रिपुरा की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्यमंत्री विप्लव देव, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन करने वालों के आरोप थे कि वहां पुलिस का इस्तेमाल कर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को डराने धमकाने की कोशिश की जा रही है लेकिन वह ऐसा करने में सफल नहीं हो पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि रविवार को त्रिपुरा पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस की नेता सायोनी घोष को हत्या की कोशिश की धारा लगाकर गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।