वाटर कैनन-ईंट की बौछार, पुलिस लाठीचार्ज से तितर-बितर हुए भाजपा कार्यकर्ता

 

हावड़ा । भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई की ओर से राज्य सचिवालय घेराव को केंद्र कर हावड़ा और कोलकाता में जगह-जगह पुलिस कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त टकराव हुआ है। संतरागाछी में पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी गई है जबकि दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर लाठियों से बर्बर तरीके से पीटा है। इसके कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें देखा जा सकता है कि महिलाओं को भी पुरुष पुलिसकर्मी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा रहे हैं और जबरदस्ती घसीटते हुए गाड़ियों में डाल रहे हैं। पुलिस का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है जिसमें एक पुलिसकर्मी लात घुसे से एक वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता के चेहरे पर लगातार वार कर रहा है। इसका वीडियो भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी साझा किया है। इसके अलावा पुलिस लाठीचार्ज में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री मीना देवी पुरोहित घायल हो गई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को सांतरागाछी में सचिवालय से कुछ दूरी पर हिरासत में ले लिया गया है। वरिष्ठ भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी भी हिरासत में हैं। पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में रैली फिलहाल सचिवालय की ओर बढ़ रही है। कॉलेज स्ट्रीट, हावड़ा, संतरागाछी जैसे क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है और आंसू गैस के गोले दागे हैं। आंसू गैस का गोला लगने की वजह से भी 100 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता बीमार बताए जा रहे हैं। भाजपा ने पुलिस पर तृणमूल कांग्रेस के गुलाम की तरह काम करने का आरोप लगाया है।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लगभग हर जगह लाठीचार्ज किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस को लक्ष्य कर ईंट-पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है। दोपहर 1.15 बजे से सौमित्र खान के नेतृत्व में जुलूस नसंतरागाछी से सचिवालय की ओर बढ़ा रहा था। लेकिन दो किलोमीटर पहले पुलिस ने रोक दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। तभी स्थिति और अधिक बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हाथापाई हुई। 1.35 बजे पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन फायरिंग शुरू कर दी। भाजपा कार्यकर्ताओं का एक वर्ग पीछे हटने लगा। हालांकि भाजपा के कई कार्यकर्ता मैदान में डटे रहें। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया। कई को पुलिस ने कॉलर पकड़कर घसीटा है। संतरागाछी में स्थिति काफी अराजक हो गई थी। सुबह से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जुलूस को रोकने की तस्वीरें सामने आ रही थीं। शहर भर में बैरिकेड्स, वाटर कैनन, दमकल की गाड़ियां, एम्बुलेंस और सचिवालय की ओर जाने वाली सड़कों पर हजारों की संख्या में पुलिस कर्मी तैनात थे। एक दिन पहले ही सचिवालय के आसपास की कई सड़कों को खोद कर पुलिस ने ड्रील कर परमानेंट लोहे की बैरिकेडिंग लगाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?