भाजपा के सचिवालय घेराव अभियान से नाको दम हुई पुलिस, पार्टी ने कहा : नैतिक जीत हुई, ममता ने कहा : लोग ही नहीं थे

 

कोलकाता ;  भारतीय जनता पार्टी के राज्य सचिवालय नवान्न घेराव अभियान का व्यापक असर हावड़ा और कोलकाता में मंगलवार को सारा दिन देखने को मिला। सुबह से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में लोग ट्रेन, बस और अन्य वाहनों से हावड़ा कोलकाता के लिए रवाना हो गए थे। जगह-जगह पुलिस ने रेलवे स्टेशनों पर बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की शुरुआत सोमवार शाम से ही कर दी थी लेकिन इसका बहुत अधिक लाभ नहीं हुआ और हजारों लोग तमाम बाधाओं को पार कर कोलकाता पहुंच गए थे। हावड़ा स्टेशन पर कार्यकर्ताओं का स्वागत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार मौजूद थे। जबकि कोलकाता स्टेशन और आसपास से आने वाली रैली का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने किया। सियालदह स्टेशन पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष मौजूद थे जो सैकड़ों लोगों की रैली लेकर सचिवालय के लिए कूच किए। शुभेंदु अधिकारी के साथ लॉकेट चटर्जी मौजूद थे जिन्हें सबसे पहले गिरफ्तार कर लिया गया। इधर कोलकाता हावड़ा और आसपास के क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी की कम से कम सौ से अधिक रैली निकली जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल थे। इसकी वजह से हावड़ा और कोलकाता में लगभग हर तरफ की सड़कें जाम हो गई थीं और ट्रैफिक व्यवस्था लगभग पूरी तरह से ठहर गई थी। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ की वजह से सामान्य लोगों को काफी परेशानी हुई। इधर कोलकाता से जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली निकली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इन्हें जगह-जगह रोकना शुरू कर दिया जिसकी वजह से कई जगह टकराव हुए।

इधर भाजपा की रैली पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा की रैली में लोग ही नहीं थे। जो हव्वा खड़ा किया गया था वह फूट गया।
सचिवालय घेराव अभियान को केंद्र कर कोलकाता से लेकर हावड़ा तक सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर टकराव हुआ है। इसमें पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए हैं जबकि 100 से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। टकराव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भाजपा की सम्मानित वरिष्ठ नेत्री और पार्षद मीना देवी पुरोहित का सिर फट गया है। उन्हें रैली से सीधे अस्पताल ले जाया गया है जहां उनका इलाज शुरू हुआ है। जबकि वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को हावड़ा के सांतरागाछी में गिरफ्तार किया गया है जबकि लॉकेट चटर्जी और अन्य नेताओं को पुलिस हिरासत में लेकर सेंट्रल लॉकअप ले गई है। दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा मुख्यालय से रैली लेकर हावड़ा ब्रिज तक पहुंचे। यहां इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने इन पर आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसमें भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। इसके बाद दिलीप घोष ने सचिवालय अभियान के समापन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अपराहन 2:40 बजे अभियान का समापन हुआ है। घोष ने कहा कि जिस तरह से पूरे राज्य से हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, विधायक और सांसद इस अभियान में शामिल हुए हैं वह उत्साहित करने वाला है। यह इस बात का संकेत है कि अब समय आ गया है कि ममता बनर्जी को सत्ता छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्यारी सरकार और अधिक दिनों तक सत्ता में नहीं रहेगी। इसके बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब दिलीप घोष ने कहा कि यह भाजपा का सबसे सफल अभियान रहा है। जितनी बड़ी संख्या में और जितने उत्साह से कार्यकर्ता शामिल हुए वह राज्य सरकार को सचेत करने वाला है। हमारी नैतिक जीत है।
—–
कोलकाता पुलिस की गाड़ी में आग
– इधर एमजी रोड में कोलकाता पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आग लगाई जबकि पार्टी का कहना है कि पुलिस ने खुद ही आग लगाई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने तो आरोप लगाया है कि पुलिस की ओर से भाजपा की रैली पर बमबारी हुई है। दूसरी और आरोप है कि हावड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर बरसाए है। इन हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागने के बाद भाजपा कार्यकर्ता तितर-बितर हुए हैं। सचिवालय से दो किलोमीटर पहले ही भाजपा की रैली को रोकने में पुलिस सफल रही है और अब पार्टी के कार्यकर्ता अपने गंतव्य की ओर वापस लौटे हैं। अभियान के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं जिसमें पुलिस कर्मियों के घर पर आ रहे हैं। एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता को एक पुलिसकर्मी उसके चेहरे पर लगातार घूसा मार रहा है। पार्टी ने इस वीडियो को ट्विटर पर डालकर पूछा है कि क्या पुलिस ऐसा कर सकती है। पार्टी ने अपने ट्वीट में कहा है कि बंगाल पुलिस तृणमूल कांग्रेस के गुलाम की तरह बर्ताव कर रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में एक के बाद एक भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये तृणमूल नेताओं के घरों से बरामद होने के बाद मंगलवार को प्रदेश भाजपा की ओर से राज्य सचिवालय घेराव अभियान किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए राज्य भर से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोलकाता और हावड़ा पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?